दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। ठंड लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। कंपा देने वाली सर्दी से हालत यह हैं कि शुक्रवार को भी दिल्ली के चार इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से भी कम रहा। दिल्ली के आयानगर में तो 1.8 डिग्री तापमान के साथ बर्फ जमा देने वाली सर्दी रही। दिल्ली में औसत न्यूनतम तापमान चार डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले गुरुवार को तीन डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा था।
दिल्ली में हाड़ गला देने वाली सर्दी ने लोगों को खूब परेशान किया हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा व न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली का आयानगर इलाके में सबसे सर्द सुबह रही, यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम 1.8 डिग्री दर्ज हुआ। रिज में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 3.3, लोदी रोड में 3.8 और उजवा में 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
जाफरपुर इलाका पूरे दिन सर्द बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 11.9 और न्यूनतम तापमान 3.9 दर्ज हुआ। वहीं घने कोहरे ने भी सुबह के समय परेशान किया। दोपहर 12 बजे के बाद ही हल्की धूप के दर्शन हुए। अभी एक सप्ताह सुबह केसमय घना कोहरा परेशान करता रहेगा। वहीं, गुरुवार की तरह ही शुक्रवार को भी दिल्ली शिमला से ज्यादा ठंडी रही। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एनसीआर में गुरूग्राम ठंडा
एनसीआर के इलाकों में गुरूग्राम एक बार फिर से ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.1 और अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फरीदाबाद में 7.2, गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 6.2 और नोएडा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार से ठंड से मिलनी शुरू होगी राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से ठंड से थोड़ी राहत मिलनी शुरू होगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद से रविवार से तापमान में और बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 12 जनवरी तक अधिकतम तापमान के 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि अभी घना कोहरा अगले सप्ताह तक परेशान करता रहेगा।
पूर्वानुमान: आसमान साफ, सुबह के समय हल्का कोहरा रहने की संभावना।
अधिकतम तापमान: 16.6 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 4.0 डिग्री सेल्सियस
07 जनवरी को सूर्यास्त: शाम 5:40 मिनट
08 जनवरी को सूर्योदय: सुबह 7:15 मिनट
विस्तार